टनकपुर हाईवे पर डिग्री कालेज चौराहे के पास बाइक सवार दो लुटेरों ने महिला का पर्स लूट लिया। महिला और उसका पति रिक्शा में बैठकर रोडवेज जा रहे थे। पर्स में 20 हजार रुपये, मोबाइल और एटीएम था। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग समझ पाए इससे पहले लुटेरे मौके से फरार हो गए। पीड़ित महिला की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मोहल्ला सुनगढ़ी निवासी संगीता राठौर पत्नी शैलेंद्र राठौर ने बताया कि सोमवार रात उन्हें कानपुर जाना था। वह पति शैलेंद्र के साथ रिक्शा में बैठकर रोडवेज बस स्टैंड जा रही थीं। टनकपुर हाईवे पर डिग्री कॉलेज चौराहा के आगे पहुंचने पर सामने से आए बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर संगीता का पर्स छीन लिया और तेजी से भाग गए। शोर मचाने पर इकट्ठे हुए लोगों ने लुटेरों को तलाशने का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। सूचना पर सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची। छानबीन के दौरान पुलिस को कुछ अपराधियों के नाम सामने आए हैं, जिनकी धरपकड़ के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। इंस्पेक्टर सुनगढ़ी हरगोविंद सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।