मंडी समिति में आरएफसी गेहूं खरीद केंद्र पर हुए विवाद में ठेकेदार ने क्रय केंद्र प्रभारी एसएमआई मिथलेश की पिटाई कर दी। सूचना पर पुलिस पहुंचने से पहले ठेकेदार अपने साथी के साथ फरार हो गया। एसएमआई ने घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी है। गेहूं खरीद केंद्र के प्रभारी में मारपीट पर किसानों में हड़कंप मच गया।
घटना बुधवार शाम करीब पांच बजे की है। आरएफसी गेहूं खरीद केंद्र प्रभारी मिथलेश कुमार और ठेकेदार में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर ठेकेदार ने क्रय केंद्र प्रभारी की जमकर धुनाई कर दी। जिससे मंडी समिति में मौजूद किसानों में हड़कंप मच गया। मंडी समिति सचिव ने इसकी सूचना मोबाइल पर डीएम को दी। डीएम ने कोतवाली पुलिस को मौके पर पहुंचकर कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम के निर्देश पर नगर चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार टीम के साथ मौके पर जा धमके। इससे पहले आरोपी ठेकेदार अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गया। क्रय केंद्र प्रभारी मिथलेश ने अपने साथी क्रय केंद्र प्रभारियों के साथ कोतवाली पहुंचकर घटना की तहरीर पुलिस को दी है। उनका आरोप है कि ठेकेदार किसानों से अवैध वसूली कर देने का दबाव बना रहा था। उन्होंने बाजार में गेहूं का मूल्य अच्छा होने की जानकारी दी। आरोप है कि ठेकेदार ने इस पर गाली-गलौज कर पिटाई शुरू कर दी। ठेकेदार का मोबाइल रिसीव न होने से उसका पक्ष नहीं लिया जा सका। नगर चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार ने बताया कि क्रय केंद्र प्रभारी और ठेकेदार में लेनदेन को लेकर विवाद हुआ है। इस पर नशे में धुत्त ठेकेदार ने क्रय केंद्र प्रभारी की पिटाई कर दी। क्रय केंद्र प्रभारी की ओर से मिली तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।