गाली देने से मना करने पर दबंगों ने सगी बहनों पर हमला कर दिया। घर में घुसकर उनकी पिटाई लगाई, जिसमें गंभीर चोटें आई हैं। किसी तरह थाने पहुंचकर पीड़ित बहनों ने पुलिस को तहरीर दी, जिसके आधार पर चार के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मोहल्ला तुलाराम निवासी हीरालाल समाजवादी पार्टी के एक नेता के कार्यालय पर काम करता है। सोमवार रात को घर पर उसकी पत्नी सरोज देवी और साली सुनीता काम कर रही थी। इस बीच पड़ोस की रहने वाली चांदनी ने बेवजह गाली देना शुरू कर दिया। इसका विरोध करने पर आरोपी झगड़ने पर उतारू हो गए। आरोप है कि चांदनी ने अपने रिश्तेदार रवि, कांताप्रसाद और देवकी देवी के साथ घर पर हमला कर दिया। घर में घुसकर दोनों बहनों की पिटाई लगा दी। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, जिन्होंने किसी तरह बीच बचाव कर बचाया। थाने पहुंचकर पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी, जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस से कानूनी शिकंजा कसा है। इंस्पेक्टर सुनगढ़ी अतुल प्रधान ने बताया कि तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। घायल बहनों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। जांच की जा रही है, सख्त कार्रवाई होगी।