वनविभाग ने हिरन के सींग लेकर आ रहे कलीनगर के दो लोगों को पकड़ लिया। जांच में सींग काफी पुराने पाए गए। इस पर वन विभाग ने दोनों से 75 हजार रुपये जुर्माना वसूल कर छोड़ दिया। सामाजिक वानिकी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली कि माधोटांडा की ओर से एक मैजिक पर कुछ लोग हिरन के सींग लेकर आ रहे हैं। इस सूचना पर वन विभाग की टीम ने माधोटांडा मार्ग पर चिरौंजीलाल कॉलेज के निकट मैजिक की चेकिंग शुरू कर दी। इस बीच आई एक मैजिक की छत पर प्लास्टिक के कट्टे में हिरन के तीन सींग बरामद हुए। वनकर्मियों ने जानकारी करने का प्रयास किया तो इसे ला रहे दोनों व्यक्ति खामोश हो गए लेकिन अन्य सवारियों केे माध्यम से जानकारी करने पर वनकर्मियों ने दोनों को पकड़ लिया। वनकर्मी दोनों को लेकर सामाजिक वानिकी कार्यालय पहुंचे। पूछताछ में उन्होंने नाम रियाज एवं नफीस बताया। डीएफओ आदर्श कुमार के निर्देश पर दोनों से 75 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। एसडीओ केपी सिंह ने बताया कि सींग काफी पुराने थे। दोनों आरोपियों को जुर्माना वसूल कर छोड़ दिया गया।