मुखबिर की सूचना पर सुनगढ़ी और जहानाबाद पुलिस ने गोवंशीय पशुओं से लदे वाहन पकड़े, लेकिन तस्कर पुलिस को गच्चा देकर भाग निकले। पुलिस ने बरामद पशुओं को गो शाला भेज दिया है। वाहन नंबर के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसओ जहानाबाद भोला सिंह को सोमवार सुबह पीलीभीत की ओर आ रहे ट्रक में प्रतिबंधित पशुओं के होने की सूचना मिली। जिस पर पुलिस ने तिराहे पर चेकिंग शुरू कर दी। मुखबिर द्वारा बताए गए ट्रक को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन चालक ने और तेज गति से भगाना शुरू कर दिया। पुलिस ने तस्करों को पकड़ने के लिए पीछा किया। हैदरगंज पुलिया के पास पहुंचते ही अचानक ट्रक का गुल्ला टूट गया, जिस पर तस्कर ट्रक छोड़कर भाग गए। पुलिस ने आसपास के इलाके में तलाश की, लेकिन तस्करों का कोई सुराग नहीं लग सका। तलाशी लेने पर ट्रक से 26 गो वंशीय बरामद हुए, जिसमें से एक की मौत हो चुकी थी। ट्रक कब्जे में लेकर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी शिकंजा कसा है।
उधर, सुनगढ़ी पुलिस ने आसाम चौराहा पर एक सेंट्रों कार पकड़ी, जिसमें एक मृत और तीन जिंदा पशु बरामद हुए हैं। हालांकि तस्कर यहां भी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके। पुलिस ने कार के इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर तस्करों की तलाश शुरू कर दी है। दोनों स्थानों से बरामद किए गए पशुओं को देवीपुरा गोशाला भिजवा दिया है।
गोवंशीय पशुओं की 55 खालें बरामद
चुर्रासकतपुर। मुखबिर की सूचना पर डिप्टी सीवीओ नरेंद्र सिंह, चौकी इंचार्ज श्याम सिंह यादव, हल्का इंचार्ज भारत सिंह ने पुलिस बल के साथ रसिया खानपुर गांव के रहने वाले सलीम के घर पर छापेमारी की। इसमें पुलिस को आता देख घर के भीतर मौजूद पांच कसाई भाग गए। पुलिस ने मकान की तलाशी ली। जिसमें गोवंशीय पशुओं की 55 खालें और औजार बरामद हुए। बरामद खालों को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। टीम की छापामार कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा।