सत्तापक्ष के एक नेता के बेटे पर संरक्षण देने का आरोप
एसपी से शिकायत कर महिला ने लगाई न्याय की गुहार
उच्चाधिकारियों से शिकायत के बाद तहसीलदार ने रुकवाया निर्माण
जमीन पर स्वामित्व को लेकर परिवारीजनों से चल रहे विवाद में एक पक्ष पर गुंडई करने का आरोप लगा है। न्यायालय में मामला विचाराधीन होने के बावजूद सत्तापक्ष के एक नेता के बेटे के साथ मौके पर पहुंचकर दीवार तोड़कर आरोपी घुस आए और जमीन पर कब्जा कर निर्माण शुरू करा दिया। महिला ने एसपी से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
मोहल्ला कुंवरगढ़ निवासी लक्ष्य सक्सेना पत्नी मनोज कुमार ने बताया कि उनकी एक जमीन पर नौ हिस्सेदार है। जमीन पर स्वामित्व को लेकर एक पक्ष से पीड़ित के पति का विवाद न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि सोमवार सुबह आरोपी अपने अज्ञात साथियों को लेकर जमीन पर कब्जा करने पहुंच गए। ट्रैक्टर से बाउंड्री तोड़कर भीतर घुसे और निर्माण कराने लगे। इसकी जानकारी मिलने पर पीड़िता ने मौके पर पहुंचकर विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें धमकाया। सत्तापक्ष के एक बड़े पदाधिकारी के बेटे पर भी आरोपियों के साथ पहुंचकर गुंडई करने का आरोप लगाया। एसपी से पूरे मामले की शिकायत करते हुए महिला ने अपनी व परिवारीजनों की जान को खतरा जताया है। इसकी प्रशासनिक अफसरों से भी शिकायत की गई। इसके बाद तहसीलदार सदर शेर बहादुर सिंह ने कराए जा रहे निर्माण को रुकवा दिया है। दोनों पक्षों को तहसील दिवस में बुलाकर मामले का निस्तारण कराया जाएगा। उधर एसपी कलानिधि नैथानी ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।