बीसलपुर। चोरों ने सोमवार की रात जिला सहकारी बैंक (चीनी मिल शाखा) की
खिड़की की ग्रिल तोड़ने के बाद भीतर प्रवेश किया और चोरी करने का प्रयास
किया।
शाखा प्रबंधक राजकुमार ने बताया कि चोरों ने सोमवार की रात किसी
समय बैंक शाखा की खिड़की की ग्रिल तोडने के बाद भीतर प्रवेश किया। चोरों ने
स्ट्रांग रूम को भी तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन उनके सारे प्रयास विफल
हो गए। चोरों ने स्ट्रांग रूम की चाभियां ढूंढने के प्रयास में बैंक का
अभिलेख बिखेर कर डाल दिया। चोरों ने सायरन और बिजली के तार भी काट दिए थे।
पड़ोस में स्थित सहकारी गन्ना विकास समिति का चौकीदार रामभरोसे लाल रात में
लगभग तीन बजे जब उधर से गुजरा, तब उसे बैंक की खिड़की की ग्रिल टूटी दिखाई
पड़ी। चौकीदार ने उसी समय सेलफोन पर नगर के मोहल्ला बख्ताबर लाल में रह
रहे शाखा प्रबंधक को मामले की जानकारी दी। शाखा प्रबंधक ने उसी समय कोतवाली
जाकर घटना की जानकारी दी। बैंक में चोरी होने की सूचना मिलने पर पुलिस के
हांथ पांव फूल गए। थाना प्रभारी केपी सिंह और सीओ सुवेग सिंह सिद्धू उसी
समय घटनास्थल पर पहुंचे। कैश सुरक्षित देखकर बैंक स्टाफ और पुलिस
अधिकारियों ने राहत की सांस ली। सूचना मिलने पर जिला सहकारी बैंक के
महाप्रबंधक अनुराग अवस्थी और अध्यक्ष लक्ष्मी देवी यादव ने मंगलवार को सुबह
घटनास्थल का निरीक्षण किया और कोतवाली पुलिस से चोरों को गिरफ्तार करने को
कहा। थाना प्रभारी ने बताया कि शाखा प्रबंधक की तहरीर पर अज्ञात चोरों के
विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।