बच्चे की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने के लिए सर्विलांस का सहारा लिया है। पुलिस को कुछ संदिग्ध नंबर मिले हैं, जिनके जरिये आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश में है। बिलसंडा के ईसापुर गांव निवासी मजदूर महेशपाल के पांच वर्षीय बेटे गौरव की बरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम परेवा अनूप ननिहाल में हत्या कर दी गई थी। बच्चे के नाना ने अपने एक रिश्तेदार पर हत्या करने का शक जताया है। घटना का कारण शराब पीकर घर आने से मना करने पर हुई रंजिश बताई जा रही है। जबकि पुलिस बच्चे से कुकर्म की आशंका जता रही है। पुलिस सर्विलांश की मदद से आरोपी तक पहुंचने की कोशिश में है। सीडीआर निकलवाने पर पुलिस को पता चला है कि घटना से डेढ़ घंटे पहले से संदिग्ध आरोपी का मोबाइल स्विच ऑफ था। इससे पुलिस का मानना है कि बच्चे की हत्या पूरी योजना बनाकर की गई थी। बरखेड़ा इंस्पेक्टर योगेंद्र पाल शर्मा ने बताया कि सीडीआर निकलवाने पर कुछ मोबाइल नंबर मिले हैं, जिन पर किया गया है। पूरा नाम, पता स्पष्ट होने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।