थाना क्षेत्र के डंडिया भुसौली में घरेलू विवाद की रंजिश में भतीजों ने
अपनी मां के सहयोग से 65 वर्षीय चाचा प्यारेलाल की धारदार हथियारों से
प्रहार कर हत्या कर दी। शनिवार रात हुई घटना की सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे
में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। मृतक के पुत्र की तहरीर पर हत्यारोपी
भतीजों एवं उनकी मां के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने भतीजों की मां
को हिरासत में लिया है।
डंडिया भुसौली निवासी प्यारेलाल तीन भाइयों में
सबसे छोटे थे। उनके दो बड़े भाई क्रमश: दीनानाथ व मदनलाल परिवार के साथ
अलग रहते हैं। पिछले कई वर्षों से बंटवारे को लेकर उनका अपने दोनों भाइयों
के परिवार से अनबन चल रही थी और कई बार मारपीट भी हो चुकी थी। दोनों भाइयों
के बच्चों से शनिवार शाम फिर कुछ कहासुनी हो गई।
रात करीब 10 बजे से
प्यारेलाल अपने मझले पुत्र रामकुमार के साथ खाना खा रहे थे। इस बीच उनके
भतीजों क्रमश: वीरेंद्र, राकेश, जानकी ने मां विद्यावती के साथ घर पर हमला
बोल दिया। आरोप है लाठी डंडे, तलवार और सब्बल से प्रहार कर उन्हें तब तक
पीटा जब तक उनकी मौत नहीं हो गई।
विरोध करने पर हमलवरों ने उनके मझले पुत्र
रामकुमार पर भी हमला करने का प्रयास किया लेकिन वह भाग निकला। शोर शराबा
होने पर मोहल्ले के लोग जमा हो गए। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। सुबह रुद्रपुर से
पहुंचे प्यारेलाल के बड़े पुत्र आशू ने पुलिस को वीरेंद्र, राकेश, जानकी और
ताई विद्यादेवी पर लाठी डंडा, तलवार और सब्बल से हमला कर पिता की हत्या कर
देने की तहरीर दी।
इस पर पुलिस ने चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर महिला
विद्यावती को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद से शेष
आरोपी घर छोड़ कर कही चले जाने के कारण गिरफ्तार नहीं किए जा सके। उनकी
गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
भतीजों का शराब पीना बना रंजिश की असली वजह
प्यारेलाल
के दोनों बड़े भाइयों के पुत्र शराबी किस्म के थे। शराब पीकर अभद्र भाषा
बोलना और लोगों से झगड़ा करना चाचा प्यारेलाल को अच्छा नहीं लगता था और
इसको लेकर उन्होंने कई बार भतीजों को मना भी किया था। इसी को लेकर चाचा
भतीजों को अखरने लगे और कहासुनी के बाद झगड़े की शुरूआत हो गई। शनिवार को
भी शाम को तीनों भतीजे शराब पीने के बाद गालियां देने लगे। इस पर घर केे
अंदर से ही प्यारेलाल ने उन्हें गालियां देने से मना किया। इससे नाराज
भतीजों ने घर में घुसकर हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।
00
प्यारेलाल
के भतीजों ने घर में घुसकर घटना को अंजाम दिया है। मृतक के पुत्र की तहरीर
पर मुकदमा दर्ज कर महिला (मृतक भाभी) को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही
है। फरार आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
धनंजय सिंह, एसओ