तंत्र-मंत्र से कष्ट दूर करने और नौकरी दिलाने का झांसा देकर दंपति ने भाई-बहन से नकदी-जेवर ऐंठ लिया। काम न होने पर पीड़ित ने नकदी-जेवर वापस मांगा तो दंपति धमकी देकर फरार हो गया। पीड़ित ने घटना की नामजद तहरीर पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है।
बदायूं जिले के नगला गांव के निवासी मुदित कुमार गंगवार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि एक साल पहले वह अपनी बहन वीना को लेकर बमरौली रोड स्थित एक मठिया पर गया था। यहां पर पंजाब के लुधियाना निवासी दंपति मिले, जिन्होंने खुद को मठिया का पुजारी बताया। बहन के कष्ट दूर करने के नाम पर हजारों रुपये के जेवरात ले लिए। इसके अलावा नौकरी का झांसा देकर युवक से भी 48 हजार की नगदी दो बार में ली। एक साल तक आरोपी दंपति झांसा देता रहा, लेकिन कोई काम नहीं बन सका। ठगी का शक होने पर रविवार को दंपति से जेवरात और नगदी वापस मांगी तो दोनों ने धमकी देकर भगा दिया। एसओ जितेंद्र यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दंपति को पकड़ने के लिए दबिश दी गई थी, लेकिन दोनों फरार हैं।