कोतवाली क्षेत्र के गांव परासी रामकिशन के दो घरों से चोरों ने रविवार की रात नकब लगाकर एक लाख से अधिक की संपत्ति चुरा ली है। कोतवाली क्षेत्र के गांव परासी रामकिशन निवासी धर्मेंद्र गंगवार और उनके पड़ोसी राकेश गंगवार ने संयुक्त रूप से बताया कि रविवार की रात वे लोग गहरी नींद में सो रहे थे। रात में किसी समय चोरों ने घरों की पीछे की दीवार में नकब लगाकर प्रवेश किया। चोंरों ने राकेश के घर बरामदे में खूंटी पर टंगी पैंट से एक हजार की नगदी चुरा ली है। चोरों ने धर्मेंद्र के खुले कमरे में घुसकर संदूक का ताला तोड़ा। चोरों ने यहां से पांच हजार की नगदी और लगभग एक लाख रूपये कीमत का जेवर चुरा लिया। चोरों ने कीमती सामान ढूंढने के प्रयास में काफी सामान बिखेर कर डाल दिया। सोमवार को सुबह दोनों घरों के लोग जब सोकर उठे, तब उन्हें चोरी की जानकारी हुई। यह बात जरा देर में पूरे गांव में आग की तरह फैल गई और मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। लोग तरह तरह के कयास लगाने लगे। इसी बीच सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मौका मुआयना किया और घर वालों से एकांत में बात की। घर वाले चोरों के बारे में कोई आइडिया नहीं दे सके। धर्मेंद्र ने कोतवाली में अज्ञात चोरों के विरूद्ध तहरीर दे दी है। कोतवाल एसके सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।