चोरों ने मंगलवार रात आसाम पुलिस चौकी से सौ मीटर दूरी पर स्थित मंडी समिति परिसर की दुकानों को अपना निशाना बनाया। वहां एक दुकान के ताले तोड़कर चोर तिजोरी में रखे साढ़े तेरह हजार रुपये और चेकबुक ले गए। वहीं एक दूसरी दुकान के ताले तोड़ने की कोशिश की गई। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। मंडी परिसर में वारदात के बाद से आढ़तियों ने आक्रोश जताया और सुरक्षा बंदोबस्त सख्त करने की मांग की है। शहर की गंगोत्रीपुरम कालोनी के निवासी राजेश कुमार गुप्ता की मंडी समिति में ट्रेडिंग कंपनी के नाम से दुकान है। मंगलवार शाम करीब सात बजे वह दुकान में ताला लगाकर घर चले गए। बुधवार सुबह पड़ोसी दुकानदार रामकुमार ने राजेश की दुकान के शटर और अलमारी के ताले टूटे देखे। उनकी सूचना पर राजेश समेत कई दुकानदार मौके पर पहुंच गए। वहीं उनके ठीक बराबर में स्थित नौगवां पकड़िया गांव निवासी रामकुमार की दुकान के ताले तोड़ने की कोशिश की गई। चर्चा फैली तो कुछ ही देर में व्यापारियों की भीड़ जमा हो गई। इसकी सूचना मिलने पर यूपी 100 और आसाम चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। व्यापारियों का कहना है कि आसाम चौकी के नजदीक होने के बावजूद मंडी समिति की दुकानों में पहले भी कई बार चोरी हो चुकी है। जबकि मंडी परिसर में रात को पुलिस पिकेट रहती है।