मोहल्ला अहमदनगर निवासी मुन्ने ने बताया कि उन्होंने 23 मार्च को अपने पुत्र तारिक का निकाह किया था। इसी सिलसिले में वह बुधवार की सुबह परिवार समेत तारिक की ससुराल एक कार्यक्रम में शिरकत करने गए थे। घर के मेन गेट पर ताला पड़ा था। शाम चार बजे जब वह वापस लौटे तो मेन गेट का ताला टूटा मिला। इस पर उन्हें आशंका हुई। जब वह घर के अंदर घुसे और कमरों को देखा तो रखा सामान बिखरा पड़ा था। यह देख उनके होश उड़ गए। चोरी की सूचना पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। गृहस्वामी मुन्ने ने बताया कि चोर पांच तोला सोना, 45 हजार रुपये के नोटों का हार, 70 हजार की नगदी, 90 हजार के पीतल व तांबे के बर्तन समेत करीब पांच लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। गृह स्वामी की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। गृहस्वामी ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। कोतवाल धर्मपाल सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करवाई जा रही है।