युवक की हत्या कर लाश गड्ढे में फेंकी
कंजानाथ पट्टी गांव के पास करीब 30 वर्षीय युवक का शव सड़क किनारे गड्ढे में पड़ा मिला। उसकी गमछे से गला दबाकर हत्या की गई थी। इसका पता लगने पर इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। बृहस्पतिवार सुबह जहानाबाद थाना क्षेत्र के कंजानाथ पट्टी गांव स्थित एक निजी स्कूल के पास सड़क किनारे गड्ढे में युवक का शव पड़ा मजदूरों ने देखा। उसके गले में गमछे का फंदा लगा हुआ था। ऊपर से चादर लिपटी हुई थी। पैरों में मोजे पहने था, लेकिन जूते गायब थे। सड़क निर्माण कार्य करने पहुंचे मजदूरों ने शव देखा तो गांव वालों को जानकारी दी। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसकी सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर जहानाबाद राकेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तलाशी लेने पर कपड़ों से कोई पहचान की चीज नहीं मिली। पुलिस के कोशिश करने के बावजूद शव की शिनाख्त नहीं हुई, जिसके बाद पोस्टमार्टम को भेज दिया है। इंस्पेक्टर राकेश सिंह ने बताया कि युवक की शिनाख्त के लिए आसपास के लोगों से संपर्क किया जा रहा है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या कहीं दूसरी जगह की गई होगी और लाश को यहां लाकर फेंक दिया गया।