महिला से थैला लूटकर भाग रहे लुटेरे को दौड़ाकर दबोचा
गौहनिया चौराहा पर पल्सर सवार लुटेरे ने बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रही बुजुर्ग महिला का 21 हजार समेत थैला लूट लिया। वृद्धा के शोर मचाने पर नजदीक में दुकान पर मौजूद रालोद नेता ने स्कूटी से पीछा करके लुटेरे को दबोच लिया। आरोपी के पास महिला से लूटे रुपये बरामद हो गए। लोगों ने आरोपी को पीटने के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है। न्यूरिया थाना क्षेत्र के मरौरी गांव निवासी बुजुर्ग नन्हीं देवी पत्नी रूपलाल बुधवार सुबह स्टेट बैंक की एलएच चीनी मिल शाखा से 21 हजार रुपये निकालकर अपने घर जा रहीं थीं। वह बैंक से निकलने के बाद पैदल गौहनिया चौराहे तक पहुंची होंगी। तभी पल्सर मोटर साइकिल आए युवक ने झपट्टा मारकर नन्हीं देवी का थैला लूट लिया और बाइक दौड़ा दी। नन्हीं देवी के शोर मचाने पर कुछ ही दूर मौजूद रालोद नेता हरिराम ने स्कूटी से लुटेरे का पीछा किया। कुछ दूर दौड़ाने के बाद लुटेरे की बाइक बंद हो गई, जिसे लुटेरा बाइक सड़क पर छोड़कर पैदल भागने लगा। वह वाहनों के बीच होकर सहकारी गन्ना समिति कार्यालय मेें जा घुसा। इसके बाद पीछा कर रहे रालोद नेता ने लोगों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी के पास वृद्धा से लूटे गए रुपये बरामद हो गए। तलाशी लेने पर उसकी जेब से बच्चों के खेलने वाला नकली नोट भी निकला। आरोपी ने अपना नाम मोहल्ला भूरे खां निवासी मुजम्मिल बताया। इसकी सूचना मिलने पर सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। सीओ सिटी अनुराग दर्शन, इंस्पेक्टर हरगोविंद सिंह शहर में पूर्व में घटित छिनैती की घटनाओं को लेकर पूछताछ में जुटे है। सीओ सिटी ने बताया कि महिला की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। इसके अलावा उसकी क्रिमिनल हिस्ट्री भी पता की जा रही है।