छात्र तनय की हत्या के आरोप में पकड़े गए खकरा निवासी सौरभ मिश्रा पर उसी के बयान के आधार पर दिसंबर में मिले युवक के शव की भी गुत्थी सुलझा ली है। हालांकि पुलिस अभी युवक के शव की शिनाख्त करने में कामयाब नहीं हो सकी है। 30 दिसंबर को मोहल्ला तखान निवासी छात्र तनय (19) पुत्र सत्यदेव सरीन की प्रेम प्रसंग के चलते गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। न्यूरिया पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मोहल्ला खकरा निवासी सौरभ मिश्रा व चहलोरा गांव निवासी धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस कहना था कि पूछताछ के दौरान आरोपी सौरभ मिश्रा ने शहर में एक हत्या की वारदात कबूल की थी। मरने वाले को लेकर अधिक जानकारी आरोपी नहीं दे सका था। ऐसे में पुलिस धारदार हथियार के वार से घायल होने के बाद जिला अस्पताल में दम तोड़ने वाले अज्ञात युवक की मौत से जोड़कर कार्रवाई में जुट गई थी। विगत दिन कोतवाली पुलिस ने आधा दर्जन संदिग्ध भी हिरासत में लिए थे। जिनको पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। लंबी पूछताछ के बाद भले ही मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी हो, लेकिन पुलिस ने तनय की हत्या में पकड़े गए सौरभ मिश्रा पर उक्त अज्ञात युवक की हत्या का खुलासा कर दिया है। इंस्पेक्टर इंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी के बयान के आधार पर कार्रवाई की गई है।