फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्कूल जाने से डरती हैं बाग गुलशेर खां की बच्चियां

Tue, 07 Mar 2017 10:38 PM IST
ब्यूरो /पीलीभीत
विज्ञापन
विज्ञापन
मंगलवार आठ मार्च को पूरा देश महिला दिवस मनाएगा। प्रशासन व पुलिस के आला अफसर और समाज के कथित ठेकेदार महिला दिवस पर होने वाले आयोजनों में महिलाओं की सुरक्षा और सफलता को लेकर बड़े-बड़े दावे करेंगे। मगर शहर के बाग गुलशेर खां मोहल्ले की महिलाओं के लिए यह सब कुछ बेमानी है। यहां की बच्चियां स्कूल जाने आने से डरती हैं। युवतियों को घर से निकलने में डर लगता है। वजह यह कि घर से निकलने पर छात्राओं और युवतियों से शोहदे छेड़छाड़ करते हैं। विरोध करने पर मारपीट की जाती है। इसकी शिकायत करने पर थाना पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित पक्ष ने इसकी शिकायत डीआईजी से कर सुरक्षा की गुहार लगाई है।
विज्ञापन

कोतवाली क्षेत्र के बाग गुुलशेर खां मोहल्ले की बच्चियां सुबह सात बजे से लेकर नौ बजे तक स्कूल जाती हैं, और दोपहर को स्कूल की छुट्टी होने पर घर लौटती हैं। इस दौरान मोहल्ले की सड़कों पर शोहदे खड़े रहते हैं, जो स्कूल जाने आने वाली लड़कियों से छेड़छाड़ करते हैं। छात्राओं के विरोध करने पर शोहदे मारपीट करने लगते हैं। बच्चियों के बताने पर घरवाले शिकायत करते हैं तो शोहदे और उनके परिवार वाले झगड़े पर उतारू हो जाते हैं। इससे लड़कियां स्कूल जाने से डरती हैं। कई बच्चियों के परिवार वाले खुद स्कूल लाते ले जाते हैं। शाम को पांच से दस बजे के बीच सड़कों पर शोहदों की मनमानी फिर शुरू हो जाती है। इससे युवतियां अकेले घर से बाहर जाने पर डरती हैं। शोहदे जाटो चौराहा-लकड़ी मंडी रोड पर गंदे के नाले के पास और उधर दूधिया मंदिर रोड पर ज्यादा सक्रिय हैं। पीड़ित लोगों ने फोन पर कई बार इसकी शिकायत थाना पुलिस से की गई। एक-दो बार पुलिस मौके पर पहुंची भी, लेकिन पुलिस को देखकर शोहदे इधर-उधर हट गए। मगर शोहदों के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई। इससे शोहदों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। परेशान लोगों ने अब इसकी शिकायत डीआईजी को भेजी है। इसमें शोहदों पर कार्रवाई और छात्राओं को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की गई है। डीआईजी ने मामले की जांच सीओ सिटी अनुराग दर्शन को दी है। सीओ सिटी के निर्देश पर महिला थाना प्रभारी निरीक्षक अनुपम सिंह ने मंगलवार सुबह बाग गुलशेर खां मोहल्ले में जाकर पूछताछ भी की।
महिला थाना पुलिस को क्षेत्र में लगातार गश्त कर शोहदों पर कार्रवाई के लिए लगाया गया है। शोहदों को चिह्नित किया जा रहा है। इसके अलावा क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों से भी बातचीत कर इसको लेकर जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। छेड़छाड़ करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।  - अनुराग दर्शन, सीओ सिटी 
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें