दबंग की बात नहीं मानी तो किसान को मार दी गोली, गंभीर
एक युवक से दोस्ती रखने को लेकर किसान पर जानलेवा हमला किया गया। आरोपी ने शाहजहांपुर रोड पर नीवाडंाडी मोड़ के पास किसान को रोककर पहले बातचीत की। इसके बाद तमंचा निकालकर गोली दाग दी। गोली किसान के कांधे पर लगी। घायल को सीएसची भर्ती कराया गया है। जहां पुलिस ने उसके बयान दर्ज कर कार्रवाई को तहरीर मांगी है। बिलसंडा क्षेत्र के ग्राम घुरीपट्टी निवासी लक्ष्मणप्रसाद गंगवार खेती करते हैं। उनकी गांव के रोहिताश से दोस्ती है। जिसको लेकर अहिरपुरा निवासी गुड्डू उनको पहले भी धमकाता रहा है और रोहिताश से दोस्ती तोड़ने का दबाव बना रहा है। मंगलवार दोपहर ढाई बजे लक्ष्मन प्रसाद अपने एक मित्र टीकराम से मिलने गुलैंदा गांव जा रहे थे। शाहजहांपुर रोड पर नीवाडांडी मोड़ के पास पहुंचते ही गुड्डू ने किसान को रोक लिया। इसके बाद रोहिताश से बातचीत न करने का दबाव बनाने लगा। किसान ने ऐसा करने से इनकार किया तो आरोपी गुड्डे ने तमंचे से उस पर गोली चला दी और भाग निकला। गोली लक्ष्मन प्रसाद के बांए कंधे पर लगी। हाईवे पर लहूलुहान हालत में किसान को देख राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जिस पर यूपी 100 और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को इलाज के लिए सीएचसी भर्ती कराया गया। हमले की जानकारी मिलने पर परिवारीजन भी सीएचसी पहुंच गए। कोतवाल एसके सिंह ने बताया कि पूछताछ में सामने आया आरोपी गुड्डू की पीड़ित के दोस्त रोहिताश से रंजिश चलती है। इसी को लेकर गुड्डू ने पीड़ित से रोहिताश से बातचीत न करने की बात कही थी। उसका कहा न मानने पर उसने गोली मारकर घायल कर दिया। घायल के परिवार वालों से तहरीर मांगी गई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।