रेलवे लाइन पर एक छात्र का क्षत-विक्षत शव मिलने पर उसके परिवार के लोगों
में कोहराम मच गया। जीआरपी को तलाशी में छात्र की जेब में इज्जतनगर से
पूरनपुर का दो लोगों का टिकट मिला। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर
पोस्टमार्टम को भेजा है।
रेलवे लाइन पर शव पड़ा होने की जानकारी स्टेशन
मास्टर ने रात करीब सवा बारह बजे जीआरपी को मेमो भेजकर दी। सूचना पर
पहुंचे मोहल्ला साहूकारा (लाइनपार) के जयपाल सिंह यादव ने शव की शिनाख्त
अपने 15 वर्षीय पुत्र आकाश के रूप में की। जयपाल ने बताया कि बेटे के मौत
की जानकारी उनको रात करीब डेढ़ बजे हुई।
आकाश मोहल्ला के एक प्राइवेट स्कूल
में कक्षा आठ का छात्र था और सोमवार की शाम को करीब चार बजे घर से निकला
था। जीआरपी को आकाश की तलाशी में इज्जतनगर से पूरनपुर का दो लोगों का एक
टिकट जेब में मिला। टिकट इज्जतनगर रेलवे स्टेशन से सोमवार को 19.38 बजे का
मिला है।
शाम चार बजे घर से लापता हुआ छात्र इज्जतनगर क्यों गया? उसके साथ
दूसरा और कौन था? इस संबंध में न तो कुछ जीआरपी बता पा रही है न ही परिवार
वाले।
जीआरपी चौकी इंचार्ज राघवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया
छात्र की ट्रेन से कटकर मौत होना प्रतीत होती है। शव को पोस्टमार्टम के लिए
भेजा गया है। पोस्टमार्टम व जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।