पीलीभीत/न्यूरिया। शनिवार शाम से लापता चल रहे बिथरा गांव के पूर्व प्रधान के बेटे वरुण (24) का शव रविवार देर शाम रपटा पुल के पास एक बाग से मिलने पर सनसनी फैल गई। शव पर चोट के निशान मिलने से मामला हत्या की ओर इशारा करता दिखाई दिया। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस व परिवारीजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर रात में ही पोस्टमार्टम कराया जा रहा हैैैै। घटनास्थल से शराब की बोतलें और साइकिल बरामद हुई है। बिथरा गांव के रहने वाले पूर्व प्रधान उमेश तिवारी का 24 वर्षीय पुत्र वरुण किराने की दुकान करता है। शनिवार सुबह करीब 11 बजे वरुण दुकान का सामान खरीदने के लिए साइकिल से न्यूृरिया गया था। जिसके बाद से लापता हो गया। देर रात तक वापस न आने पर परिवारीजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। दूसरे दिन रविवार देर शाम लापता वरुण का शव न्यूरिया-भिकारीपुर मार्ग पर रपटा पुल के पास एक बाग में मिला। शरीर पर कमर के पास चोट के निशान एवं मुंह से झाग निकल रहा था। इसकी सूचना मिलने पर परिवार वाले मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में सीओ सदर निशांक शर्मा, इंस्पेक्टर जसपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौका मुआयना करने पहुंचे। परिवार वालों व आसपास के लोगों से मामले की जानकारी की गई। जिसमें परिवार ने प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई। थानाध्यक्ष जसपाल सिंह ग्वाल ने बताया कि अभी कुछ कहा नहीं जा सकता। रात में ही शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटनास्थल से साइकिल, शराब की बोतलें व मोबाइल बरामद किया गया है। साइकिल किसी और की बताई जा रही है। मामले की जांच की जा रही है। परिवार से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।