हादसा बेनीपुर रोड पर भंसूड़ा वाली पुलिया के पास हुआ। दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव सौंधा गौंटिया निवासी देवदत्त गंगवार (45) शुक्रवार को बीसलपुर आए थे। यहां काम निपटाने के बाद देर शाम बाइक से गांव के लिए निकले। बेनीपुर रोड पर भंसूड़ा वाली पुलिया के पास पहुंचते ही पीछे से आ रही ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक को टक्कर मार दी। जिसके पहिए से कुचलकर किसान देवदत्त गंगवार की मौत हो गई। देर रात तक घर न पहुंचने पर परिवारीजन तलाश में निकल पड़े । जिस पर पुलिया के पास पहुंचते ही लहूलुहान हालत में पड़े मिले। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में ले लिया। हलका दरोगा सिद्धार्थ गोस्वामी ने बताया कि मृतक के बेटे अनिल की तहरीर पर अज्ञात टै्रक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के दो बेटे अनिल, सोनू व एक पुत्री रेखा है।