शहर में बेखौफ चोरों ने दिनदहाड़े शिक्षिका के घर से डेढ़ लाख का माल चोरी कर लिया। गृहस्वामी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नकटदाना चौराहे के निकट स्थित कर्मचारी कॉलोनी में कलेक्ट्रेट के सेवानिवृत्त कर्मचारी नंदकिशोर, उनकी शिक्षिका पत्नी सरोजनी और पुत्र शिवम रहते हैं। नंदकिशोर रोज की तरह बिठौरा स्थित अपनी दुकान पर चले गए, जबकि उनकी पत्नी कल्लिया स्थित प्राथमिक विद्यालय गई थीं। मंगलवार दोपहर 12.30 बजे लौटने पर वह बेटे के साथ अशोक कॉलोनी स्थित आधार कार्ड केंद्र पर आधार कार्ड बनवाने चली र्गइं। करीब 1.30 बजे घर लौटीं तो घर की हालत देख वह दंग रह गई। मेन गेट और कमरे के ताले टूटे पड़े थे। अंदर जाकर देखा तो अलमारी के पल्ले तोड़कर चोरों ने उसमें रखी पांच हजार की नकदी, सोने की तीन चैन, दो बालियां, तीन जोड़ी पायल, बिछुआ सहित करीब डेढ़ लाख का माल चोरी कर लिया। दिन में एक घंटे के लिए घर बंद करना इतना महंगा पड़ सकता है, शिक्षिका ने यह कभी सोचा भी नहीं था। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। कुछ देर बाद सिविल लाइंस चौकी इंचार्ज दुर्गा सिंह ने कॉलोनी पहुंचकर मौका मुआयना किया। सदर कोतवाल बीके गौतम ने बताया कि शिक्षिका की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।