दुकान में नकब लगाकर साढ़े तीन लाख की चोरी
असम हाईवे पर ईशर एकेडमी के पास चोरों ने बैटरी की दुकान को निशाना बनाया। दुकान की पिछली दीवार में नकब लगाकर घुसे चोर 24 बैटरा, दो इन्वर्टर समेटकर ले गए। घटना को इसकी जानकारी रविवार सुबह को हुई जब कारोबारी दुकान खोलने पहुंचे। गजरौला क्षेत्र के भोपतपुर सकरिया निवासी हरदीप सिंह की असम हाईवे पर दीप बैटरीज नाम से दुकान है। शनिवार रात चोरों ने दुकान के पिछले हिस्से में नकब लगाया। नकब लगाने दुकान में घुसे चोर दो इन्वर्टर, 24 बैटरा उड़ा ले गए, जिसकी कीमत करीब साढ़े तीन लाख बताई जा रही है। हरदीप को इसकी जानकारी रविवार सुबह हुई जब वह दुकान खोलने पहुंचे। इसकी सूचना मिलने पर यूपी 100 व थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मौका मुआयना कर पीड़ित से जानकारी जुटाई। इसके बाद फील्ड यूनिट व डॉग स्क्वायड की मदद से सुराग जुटाने का प्रयास किया गया। हालांकि इसमें कुछ खास पुलिस के हत्थे नहीं लगा। छानबीन के दौरान दुकान से 20 मीटर दूर झाड़ी में एक बैटरा पड़ा मिल गया। इंस्पेक्टर जयवीर सिंह ने बताया कि चोरों तक पहुंचने के लिए जानकारी जुटाई जा रही है। व्यापारी की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है।