साहब दुराचारी को पकड़वा लो। वह समझौता कराने का दबाव बना रहा है। कहता है कि समझौता नहीं करोगी तो मार डालेगा। एएसपी के सामने पेश होकर एक दुराचार पीड़िता ने आपबीती सुनाई। एएसपी ने एसओ सेहरामऊ उत्तरी को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने के निर्देश दिए हैं।
थाना सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र की एक महिला सोमवार को एएसपी दफ्तर पहुंची। वह काफी डरी हुई थी। उसने एएसपी विकास कुमार वैद्य को बताया कि पांच अप्रैल को गांव के गुड्डू ने घर में घुसकर उसके साथ बलात्कार किया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छह अप्रैल को रिपोर्ट भी दर्जकर ली थी, लेकिन उसे गिरफ्तार नहीं किया। पीड़िता का कहना है कि आरोपी उस पर समझौते का दबाव बना रहा है। समझौता न करने पर जान से मारने की धमकी देता है। एएसपी ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने एसओ को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने के निर्देश दिए हैं।