सर्राफ की पत्नी से घर के दरवाजे पर झुमकी लूटी
बाइक सवार लुटेरे ने झपट्टा मारकर एक व्यापारी की पत्नी के एक कान की झुमकी लूट ली और भाग गया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने लुटेरे को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे। इसकी सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। सरेशाम हुई इस घटना को लेकर क्षेत्र के लोगों ने खासी नाराजगी है। मोहल्ला शेर मोहम्मद के रहने वाले सराफा व्यापारी बाबूराम वर्मा की पत्नी राधा बुधवार शाम पड़ोसी से बातचीत करके अपने घर लौट रहीं थीं। वह अपने मकान के गेट पर पहुंची होंगी। तभी इमली चौराहा की ओर से बाइक पर आए लुटेरे ने व्यापारी की पत्नी को धक्का दिया और एक कान की झुमकी लूट ली। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने पीछा करके लुटेरे को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। सरेशाम वारदात की जानकारी लगने पर सभासद पुष्पा उपाध्याय व मोहल्ले के अन्य लोग जमा हो गए। इसके बाद दिनदहाड़े हुई घटना पर रोष जताते हुए सूचना पुलिस को दी। इस पर कोतवाल ख्यालिराम आदित्य मौके पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। सीओ सिटी अनुराग दर्शन ने बताया कि बाइक सवार मुंह पर कपड़ा बांधे हुए था। जानकारी कर सुरागरसी कराई जा रही है। कोतवाल को तहरीर के आधार पर केस दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।