कोतवाली पुलिस ने महाशिवरात्रि पर बिना अनुमति निकाली जा रही शोभायात्रा रोक दी। इस पर आयोजकों और पुलिस के बीच काफी तीखी नोकझोंक हुई।
नगर के कुछ लोगों ने मंगलवार को महाशिवरात्रि पर्व पर शोभायात्रा निकालने का निर्णय लिया था। आयोजकों ने एसडीएम कार्यालय और कोतवाली में अनुमति लेने के लिए आवेदन भी किया था, लेकिन अधिकारियों ने नई परंपरा बताते हुए अनुमति देने से मना कर दिया था। इसके बाद भी आयोजकों ने शोभायात्रा निकालने की तैयारियां शुरू कर दी। आठ डनलप गुलेश्वर नाथ मंदिर पर बुला लिए गए। शोभायात्रा में पात्र बनकर आए एक दर्जन युवक भी मंदिर पर पहुंच गए। शोभायात्रा निकाले जाने वाले मार्गों पर चूना डलवा दिया गया। तैयारियां पूरी करने के बाद शोभायात्रा शुरू हो पाती कि इसी बीच प्रभारी कोतवाल केपी सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बिना अनुमति के शोभायात्रा निकालने पर पाबंदी लगा दी। इस पर आयोजकों और पुलिस में नोंकझोंक भी हुई। पुलिस द्वारा पाबंदी लगा दिए जाने से पात्र बनकर आए युवकों को मायूस होकर लौटना पड़ा। आयोजकों में सत्यप्रकाश बिट्टू, आशीष गुप्ता, हरीओम श्रीवास्तव, भद्रपाल गंगवार और आशुतोष गंगवार समेत काफी लोग शामिल थे।