नामकरण संस्कार कार्यक्रम के दौरान एक सिपाही से तमंचे से हर्ष फायरिंग की। इसमें गोली लगने से एक किशोर घायल हो गया। सिपाही अपने दोस्त व शराब कारोबारी के मैनेजर के साथ दावत में पहुंचा था। किशोर के पिता की ओर से मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बिलसंडा कस्बे की मदनमोहन कॉलोनी के रहने वाले धर्मवीर के बेटे का सोमवार को नामकरण संस्कार था। उसी रात दावत का आयोजन रखा गया था। इसमें कॉलोनी के अन्य लोगों की तरह सोमपाल का परिवार भी शामिल हुआ था। देर रात करीब 12 बजे दावत में कस्बे के शराब कारोबारी के मैनेजर सदवीर यादव अपने दोस्त यूपी 100 पर तैनात सिपाही राजेश यादव के साथ पहुंचे थे। आरोप है कि दावत में पहुंचने के समय दोनों नशे की हालत में था। वहां दावत के दौरान जमा भीड़ के बीच रौब झाड़ने के लिए सिपाही राजेश ने खुशी में सदवीर से तमंचा लेकर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली मौके पर मौजूद मदनमोहन कॉलोनी निवासी सोमपाल के 17 वर्षीय बेटे आकाश के हाथ में लगी। इसके बाद मौके पर भगदड़ मच गई। यह देख सिपाही व सदवीर मौके से भाग निकला। परिवारीजन आनन-फानन में घायल को इलाज के लिए सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मंगलवार सुबह परिवार वालों ने आकाश को एक निजी अस्पताल जे जाकर भर्ती कराया। दावत में हर्ष फायरिंग की जानकारी मिलने पर बिलसंडा पुलिस मौके पर पहुंची। घायल के पिता सोमपाल ने सिपाही व उसके दोस्त के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने जानलेवा हमला करने की धारा में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयोग तमंचा भी बरामद कर लिया गया है। परिजनों के मुताबिक हर्ष फायरिंग घायल हुआ आकाश तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा है।
नशे की हालत में सिपाही से गोली चल गई थी। सिपाही राजेश यादव व उसके दोस्त सदवीर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। उनके पास घटना में इस्तेमाल किया गया तमंचा बरामद कर लिया है।- रूम सिंह वघेल, एसओ बिलसंडा