छप्पर के विवाद में महिला को कैरोसिन डालकर जलाने के मामले में तीसरे दिन कानूनी कार्रवाई की गई है। हजारा पुलिस ने मृतका के पति से तहरीर मिलने पर गैर इरादतन हत्या, बलवा आदि संगीन धाराओं में गांव के छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। हजारा थाना क्षेत्र के रामनगर टपरा गांव निवासी रामखन और हरीशचंद्र के बीच जमीन के एक टुकड़े को लेकर तीन महीने से विवाद चल रहा है। तीन दिन पहले विवाद के दौरान रामलखन की पत्नी 55 वर्षीय राधिका जल गई थी। जिसकी इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। महिला के पति का आरोप था कि उसको छप्पर के विवाद में हरीश चंद्र व उसके साथियों ने कैरोसिन छिड़क कर जला दिया। शव का पोस्टमार्टम होने के बाद तीसरे दिन बुधवार को पति रामखलन ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। जिसके आधार पर कानूनी कार्रवाई की गई है। एसएचओ सीपी उपाध्याय ने बताया कि पति की दर्ज रिपोर्ट में हरीश चंद्र, धर्मेंद्र, कमलावती, चंदा देवी, विजय कुमार और रामचंद्र को नामजद किया है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।