शादी के 20 साल बाद दहगला के युवक ने पहली पत्नी को तलाक दिए बिना गांव की एक महिला से दूसरी शादी रचा ली। इसका विरोध करने पर आरोपी ने पहली पत्नी को प्रताड़ित किया। परेशान होकर पहली पत्नी ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के दहगला गांव की रहने वाली रामकली ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 20 साल पहले गांव के तेजराम से हुई थी। उसके तीन बच्चे 18 सान की बेटी पूजा, 11 वर्षीय बेटा जतेन, दस साल का दीपक हैं। आरोप है कि डेढ़ माह पहले उसके पति ने गांव की महिला नमिता देवी से दूसरी शादी कर ली। इसकी जानकारी मिलने पर पीड़ित ने विरोध जताया तो आरोपी ने मारपीट शुरू कर दी। शिकायत करने पर बच्चों समेत घर से निकालने की धमकी दी। पीड़ित ने पति के खिलाफ तहरीर दे दी। इंस्पेक्टर हरगोविंद सिंह ने बताया कि महिला को बिना तलाक दिए दूसरी शादी करने के आरोप में पति तेजराम के खिलाफ धारा 494 के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी कर चालान कर दिया है।