मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में कोर्ट में सरेंडर करने वाले सपा नेता एवं जेल विजिटर सहित चारों आरोपियों की जमानत पर सुनवाई 20 फरवरी को होगी। मंगलवार को कोर्ट ने अगली तिथि का निर्धारण किया। माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव बसंतपुर नौरेर निवासी सपा नेता व जेल विजिटर गुरदयाल सिंह सहित चार लोगों पर गांव के ही मोहन सिंह 4 अप्रैल 2012 को कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया था, जिसके में गुरदयाल, गुरुदेव सिंह, अनूप सिंह व शिशुपाल यादव पर घर में घुसकर लाठी डंडे से पीटने व जान से मारने की नीयत से फायर करने का आरोप लगाया था। इस मामले में माधोटांडा पुलिस ने मामले को राजनैतिक बताकर एफआर लगा दी थी। कोर्ट ने वादी की प्रोटेस्ट पिटीशन पर फाइनल रिपोर्ट को खारिज कर चारों को तलब किया, लेकिन आरोपी उपस्थित नहीं हुए। हाईकोर्ट से जमानत अर्जी पर शीघ्र सुनवाई के आदेश होने के बाद सोमवार को चारों आरोपी कोर्ट में सरेंडर कर जेल चले गए। अपर सत्र न्यायाधीश पंकज उपाध्याय ने सुनवाई के लिए मंगलवार 14 फरवरी तय की थी। मंगलवार को सुनवाई के बाद अब कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 20 फरवरी की तिथि निर्धारित की है।