ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने नाबालिग लड़की की शादी रुकवा दी। दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। लड़की के बालिग होने पर शादी करने के आश्वासन पर पुलिस ने सबको छोड़ दिया। मझोला चौकी क्षेत्र की एक युवती की शादी शाहजहांपुर के बंडा थाना क्षेत्र में रहने वाले युवक से तय हुई थी। दोनों परिवार शादी की तैयारी में जुटे थे। शादी से छह दिन पहले अचानक युवती अपने प्रेमी के संग चली गई। युवती के घरवालों ने पुलिस में शिकायत करने के बजाय युवक के परिवार वालों से बातचीत की। दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से युवती की छोटी बहन और आरोपी युवक की शादी तय कर दी। जबकि उस लड़की की उम्र 13 साल है। रविवार को दोनों की शादी होनी थी। हालांकि परिवार वाले सिर्फ मंगनी करने की बात कह रहे थे। किसी ग्रामीण ने नाबालिग लड़की की शादी किए जाने की सूचना पुलिस को दे दी। इस पर यूपी 100 डायल पुलिस मौके पर पहुंच गई और शादी रुकवा दी। दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया। इंस्पेक्टर मोहम्मद कासिम ने बताया कि दोनों पक्षों से बातचीत की गई है। दोनों ने सिर्फ मंगनी करने की बात कही है। शादी किशोरी के बालिग होने पर की जाएगी, जिससे चेतावनी देकर छोड़ा दिया गया। रविवार को इस मामले की इलाके में खासी चर्चा रही।