बाइक से बरेली एक कार्यक्रम की वीडियोग्राफी करने जा रहे देशनगर निवासी फोटोग्राफर प्रदीप (23) पुत्र बुलाकीराम को पिकअप ने टक्कर मार दी। जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने सीओ जहानाबाद बीपी सिंह पुलिस बल के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और जानकारी जुटाई। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में में रखवाया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला देशनगर निवासी प्रदीप कुमार (23) पुत्र बुलाकीराम फोटोग्राफी का काम करते थे। शनिवार को एक कार्यक्रम की वीडियोग्राफी के सिलसिले में बरेली की ओर जा रहा था। बरेली हाइवे पर ललौरीखेड़ा पुलिस चौकी के पास तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार फोटोग्राफर प्रदीप की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद भाग रहे चालक को मय पिकअप पुलिस ने धर दबोचा। जिसके बाद शव को जिला अस्पताल भिजवाया गया। जेब में मिले कागजात के आधार पर शिनाख्त कर सूचना परिवारीजनों को दी गई। कु छ ही देर में परिवार वाले जिला अस्पताल पहुंच गए। बढ़ती भीड़ को देख एहतियातन सीओ जहानाबाद बीपी सिंह, एसओ जहानाबाद जितेंद्र यादव, ठेका चौकी प्रभारी रनजीत सिंह क्यूआरटी के साथ मौके पर पहुंच गए। परिवारीजनों से बातचीत कर अफसरों ने सख्त कार्रवाई का ढांढस बंधाया। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी पर रखवा दिया है। मृतक प्रदीप चार भाईयों में तीसरे नंबर का अविवाहित था। उसके तीन भाई नरेश, प्रेम और राहुल है। एक बहन रेखा की शादी हो चुकी है। युवक की मौत से परिवार में चल रही दीपावली पर्व की खुशियां मातम में तब्दील हो गई है। मां मुन्नी देवी का रो रोकर बुरा हाल था। हर कोई पीड़ित परिवार के गम में शरीक होकर ढांढस बंधाने में जुटा रहा।