नौगवां क्रासिंग पर चल रहे ओवरब्रिज निर्माण के दौरान पांच घंटे के अंतर से दो बार क्रेन पलट गई। पहले रेलवे क्षेत्र के कार्य और दूसरी बार सेतु निगम के कार्य में क्रेन पलटने से हड़कंप मचा रहा। इससे क्रेन चालक और आसपास खड़े मजदूर बाल बाल मच गया। गनीमत रही दोनों बार में कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई।
शहर के नौगवां रेलवे क्रासिंग पर इन दिनों ओवरब्रिज निर्माण का काम चल रहा है। इसमें रेलवे क्षेत्र में ब्रिज का निर्माण पूर्वोत्तर रेलवे के ठेकेदार द्वारा कराया जा रहा है, जबकि बाकी भाग का निर्माण सेतु निगम से हो रहा है। बृहस्पतिवार को दोपहर करीब 12 बजे रेलवे क्षेत्र में ब्रिज निर्माण के लिए पिलर की फाउंडेशन डालने के बाद जेई अमित यादव की निगरानी में क्रेन लगाकर कंक्रीट डालने को रखे गए मिक्सर हटाए जा रहे थे। मिक्सर को पीछे खींचते समय उसका धुरा टूट गया, जिससे वह एक ओर गिर गई। मिक्सर के गिरने से क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और वह भी दूसरी ओर पलट गई। वहीं दूसरी घटना शाम को लगभग पांच बजे सिविल क्षेत्र में सेतु निगम के कार्य के दौरान हुई। यहां पिलर में कंक्रीट की भराई में लगी क्रेन संतुलन बिगड़ने के कारण पास से गुजर रही 11 हजार की बिजली लाइन पर गिर गई। सप्लाई बंद होने के चलते यहां कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। क्रेन पलटने की दोनों घटनाओं में क्रेन चालक और उसके आसपास काम कर रहे मजदूर बाल बाल बच गए। बाद में पलटी गई क्रेनों को सीधा कराया गया।