घर के बाहर लगे नल पर पानी भरने गई एक विवाहिता को मोहल्ले के युवक ने हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की। विवाहिता के शोर मचाने पर पहुंचे परिवारीजनों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में विवाहिता समेत परिवार के चार लोग घायल हो गए। इनमें एक घायल की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेज दिया गया। कस्बे की निवासी एक महिला ने बताया कि उसकी पुत्रवधू मंगलवार देर शाम घर के बाहर लगे नल पर पानी भरने गई। वहां मौजूद मोहल्ले के एक युवक ने उसका हाथ पकड़कर छेड़छाड़ शुरू कर दी। पीड़ित के शोर मचाने पर परिवार वाले दौड़कर मौके पर पहुंच गए और विरोध करने लगे। इससे बौखलाए आरोपी ने अपने रिश्तेदारों को बुला लिया और हमलाकर बांके व लाठी से मारपीट की। इसमें विवाहिता, उसकी सास, पति व देवर गंभीर रुप से घायल हो गए। शोर सुनकर गांव के अन्य लोग इकट्ठे हुए। तभी हमलावर धमकी देकर भाग गए। फिर सभी घायलों को सीएचसी ले जाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद विवाहिता के देवर को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। इंस्पेक्टर योगेंद्र पाल शर्मा ने बताया कि मोहल्ले के लालू व उसके रिश्तेदारों पर हमला करने का आरोप लगाया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।