टनकपुर हाईवे पर सैदपुर गांव के पास सांड से बाइक टकरा गई। हादसे में नई बस्ती निवासी 21 वर्षीय टेलर राजेश मौर्य की मौत हो गई। जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भर्ती कराने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती निवासी शिवकुमार का बेटा राजेश मौर्य टेलर की दुकान करता था। शुक्रवार को वह अपने दोस्त शिवम के साथ उत्तराखंड के खटीमा गया था। देर शाम दोनों काम निपटाकर बाइक से घर लौट रहे थे। टनकपुर हाईवे पर सैदपुर गांव के पास अचानक रास्ते में सांड आ गया। काफी बचाने का प्रयास किया, लेकिन बाइक सांड से टकरा गई। जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजवाया। यहां राजेश की मौत हो गई। कुछ ही देर में सूचना मिलने पर परिवारीजन भी आ गए। जिसके बाद पुलिस ने शनिवार को जानकारी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। राजेश किस काम को लेकर खटीमा गया था, इसको लेकर परिवारीजन कुछ सही तरीके से नहीं बता पा रहे है। उसके बिना बताए घर से जाने की बात कही जा रही है।