विवाहिता से छेड़छाड़ के विरोध में परिवारीजनों की पिटाई करने के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। बरखेड़ा थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में मंगलवार देर शाम एक ही परिवार के चार लोगों को मारपीट कर लहूलुहान कर दिया था। घायलों का आरोप था कि उनके परिवार की महिला घर के बाहर लगे नल पर पानी लेने गई थी। उस वक्त पड़ोसी ने छेड़छाड़ की और इसका विरोध करने पर उन्हें बांके से पीटकर घायल कर दिया गया। देर रात पुलिस को तहरीर दी गई। हालांकि पीड़ित पक्ष की ओर से दी गई तहरीर में छेड़छाड़ करने का आरोप नहीं लगाया गया है। पीड़ित पक्ष ने शराब के लिए रुपये न देने पर हमला करने का आरोप लगाया है। इंस्पेक्टर योगेंद्र पाल शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी लालू, भागीरथ, नन्हेलाल व छेदालाल के खिलाफ घर में घुसकर जानलेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज किया गया है।