बरखेड़ा। एसपी मुनिराज रविवार सुबह के समय साइकिल से अचानक थाने पहुंच गए। सुबह सुबह एसपी को थाने में देख खलबली मच गई।
एसपी सुबह को साइकिल से मार्निंग वॉक करते हुए अक्सर निकटवर्ती थाने पर पहुंचकर स्थितियों का जायजा ले रहे हैं। वे थाना न्यूरिया और जहानाबाद थाने का साइकिल से पहुंचकर निरीक्षण कर चुके। रविवार को एसपी सुबह 7.30 बजे बरखेड़ा थाने पहुंचे। थाने पहुंचने से पहले उन्होंने साइकिल से ही कस्बे में भ्रमण किया और शराब की दुकानें देखी। गनीमत रही कि दोनों दुकानें बंद मिलीं। इस दौरान उन्होंने लोगों से भी पुलिस के बारे में पूछताछ की। एसपी के साइकिल से पहुंचने पर खलबली मच गई। एसपी ने पुलिस कर्मियों को एकत्र किया और दीवान से पुलिस कर्मियों की सूची लेकर चेक किया। कुछ पुलिस कर्मियों के मौजूद न होने पर जानकारी की तो दीवान ने उनको क्षेत्र में होना बताया। इस पर एसपी ने जीडी में रवानगी चेक की। इस दौरान उन्होंने मुनीम से हुई लूट की घटना की जानकारी ली और 15 दिन में वर्कआउट करने के निर्देश दिए। इस दौरान खजुरिया पचपेड़ा निवासी भागीरथ अपनी पत्नी के साथ एसपी के समक्ष पेश होकर बताया कि गांव के ही कुछ लोगों ने उसकी पत्नी के साथ मारपीट की, लेकिन करोड़ चौकी पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है। इस पर उन्होंने दीवान से रिपोर्ट दर्ज करने और चौकी इंचार्ज का जवाब तलब करने के निर्देश दिए। करीब एक घंट से अधिक समय तक थाने में रुकने बाद एसपी साइकिल से ही मुख्यालय लौट गए।