बस्तीराम
तालाब में शुक्रवार की शाम मिला सिर और पैर कटा शव बरेली के थाना बिथरी
चैनपुर क्षेत्र के गांव सैदूपुर कुर्मीयान निवासी एवं हिस्ट्रीशीटर गुलफान
सिंंह उर्फ पोपी सिंह का निकला। शव की शिनाख्त उसके बड़े भाई होतम सिंह ने
अपने छोटे भाई के रूप में की है। वह 24 मई को शहर में एक बारात में शामिल
होने आया था। अगले दिन मृतक की पत्नी ने थाना सुनगढ़ी में गुमशुदगी की
रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
शुक्रवार की शाम डिग्री कॉलेज रोड से रोडवेज बस
अड्डा मार्ग पर स्थित बस्तीराम तालाब में सिर और पैर कटा शव बरामद हुआ था।
उसके हाथ पर गुलफान सिंह लिखा था। शक होने पर पुलिस ने उसके घरवालों को शव
मिलने की सूचना दी। शनिवार को बरेली के थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र के गांव
सैदूपुर कुर्मीयान निवासी होतम सिंह उसकी पत्नी रीना सिंह और अन्य घर वालों
के साथ पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शव की शिनाख्त छोटे भाई गुलफान सिंह
उर्फ पोपी सिंह के रूप में की।
बड़े भाई होतम सिंह ने बताया कि उसके
भाई की गांव में कोई दुश्मनी नहीं है। 24 मई को उसके गांव से एक बारात उसकी
रिश्तेदारी में पीलीभीत आई थी। वह भी बारात में आया था, लेकिन आधी रात के
गायब हो गया। मोबाइल भी उसका स्विच ऑफ था। अगले दिन पत्नी रीना सिंह ने
थाना सुनगढ़ी में पति की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
रिपोर्ट दर्ज करने के
बाद पुलिस ने उसकी तलाश करने की जरूरत नहीं समझी। इंस्पेक्टर बृजेश सिंह ने
बताया कि मृतक बिथरी चैनपुर थाना का हिस्ट्रीशीटर है। उस पर थाना भुता में
एक लूट और थाना बिथरी चैनपुर में हत्या, लूट, हत्या के प्रयास आदि के नौ
मुकदमे दर्ज हैं।
डीएनए टेस्ट कराएगी पुलिस
तालाब से
बरामद शव की शिनाख्त भले ही घरवालों ने गुलफान सिंह उर्फ पोपी सिंह के रूप
में की है मगर पुलिस कोई जोखिम नहीं उठाना चाहती है। एसपी जेके सिंह ने
बताया कि अपराधी दूसरे की हत्या कर उसके हाथ पर खुद का नाम लिख कर शव फेंक
देते हैं। परिवार वाले भी शव की शिनाख्त कर लेते हैं। इससे पुलिस
रिकार्डों में अपराधी मृत घोषित हो जाता है, जबकि वह जिंदा रहता है। चूंकि
मृतक शातिर अपराधी है। सिर व पैर न होने से पुलिस को इस बात की आशंका भी
है। इसलिए पुलिस उसका डीएनए टेस्ट कराएगी।