पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ आर्म्स एक्ट का मुल्जिम बनवारी लाल पुलिस के हत्थे चढ़ गया। सोमवार देर रात उसे माधोटांडा पुलिस ने जमुनिया गांव के बाहर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद मंगलवार को उसका चालान कर दिया गया है। सोमवार दोपहर माधोटांडा थाने से कोर्ट ले जाते समय आर्म्स एक्ट का आरोपी जमुनिया निवासी बनवारी गौहनिया चौराहे पर पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर सिपाही रफीक अहमद को निलंबित कर दिया गया था। कोतवाली में फरार मुल्जिम और उसकी अभिरक्षा में लगे सिपाही व होमगार्ड के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। माधोटांडा और कोतवाली पुलिस की दो टीमें आरोपी की तलाश में जुटी थीं। सोमवार देर रात इंस्पेक्टर मनोज त्यागी पुलिस बल के साथ आरोपी की तलाश में निकले थे। उसी दौरान मुल्जिम बनवारी अपने घर जा रहा था। इसका पता लगने पर पुलिस ने आरोपी बनवारी को दबोच लिया। एएसपी डॉ. रामसुरेश यादव ने बताया कि फरार मुल्जिम को माधोटांडा पुलिस ने गांव के बाहर से पकड़ लिया। आरोपी का पूछताछ के बाद चालान कर दिया गया है।