युवती को बंधक बनाकर एक साल तक यौन शोषण करने के मामले में पुलिस ने सीओ के निर्देश पर कानूनी कार्रवाई की। तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। माधोटांडा क्षेत्र के एक गांव की युवती ने तहरीर में बताया कि एक वर्ष पूर्व बीसलपुर के गांव परसिया का निवासी उसका एक दूर का रिश्तेदार उसको बहला फुसलाकर भगा लाया। इसके बाद आरोप है कि अपने यहां बंधक बनाकर यौन शोषण करता रहा। यही नहीं देह व्यापार का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया। इसका विरोध करने पर मानसिक और शारीरिक तौर पर प्रताड़ित किया। 21 अप्रैल को किसी तरह मौका पाकर पीड़िता पीलीभीत के मोहल्ला देशनगर में बहन के घर पहुुंची और आपबीती सुनाई। इसकी कोतवाली पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बुधवार को पीड़िता ने सीओ हरीश भदौरिया से मुलाकात कर दुखड़ा सुनाते हुए कार्रवाई की मांग की। जिसके बाद कार्रवाई हो सकी है। कोतवाल एसके सिंह ने बताया कि सीओ के निर्देश पर बंधक बनाकर युवती से दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुकदमे में बीसलपुर के परसिया निवासी शेरसिंह को नामजद किया गया है।