शादी के महज दो महीने बाद ही एक विवाहिता की ससुराल में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंचे मायके वालों ने ससुराल वालों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। उधर, ससुराल वाले डायरिया से मौत होना बता रहे है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव भगवंतापुर निवासी रामेश्वर ने बताया कि उन्होंने अपनी बीस वर्षीय बेटी धर्मवती की शादी नौ अप्रैल, 2016 को गजरौला क्षेत्र निवासी एक युवक से की थी। दो दिन पहले उनकी बेटी से फोन पर बात हुई। तब उसने सात जुलाई को एक रिश्तेदार की शादी में आने की बात कही थी। सोमवार रात को उसकी ससुराल के लोग उसे लेकर जिला अस्पताल आए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। ससुराल वालों का कहना था कि धर्मवती की मौत डायरिया से हुई है। पहले उन्होंने बिठौरा के एक डाक्टर को दिखाया था। हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल लेकर आए।
इधर, विवाहिता की मौत की सूचना पुलिस के जरिए मायके वालों को दी गई। कुछ ही देर में विवाहिता के घर वाले जिला अस्पताल आ गए। उन्होंने ससुराल वालों पर विवाहिता की हत्या करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सिटी निर्मल विष्ट ने दोनों पक्षों से बात कर घटना की जानकारी ली। सीओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। अभी तहरीर नहीं मिली है।