फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जागीर के हत्यारोपी प्रधान को जेल भेजा

Thu, 18 Feb 2016 11:27 PM IST
पीलीभीत
विज्ञापन
विज्ञापन
जमीन के विवाद में किसान जागीर सिंह की गोली मार हत्या करने के आरोपी प्रधान गुरप्रीत सिंह गोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवाल्वर बरामद कर पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।
विज्ञापन

शाहगढ़ चौकी क्षेत्र के गांव भैंरोकलां के प्रधान गुरप्रीत सिंह गोपी और गांव रायपुर गुलड़िया के जागीर सिंह में जमीन को लेकर विवाद था। बुधवार शाम इसी विवाद में प्रधान ने जागीर सिंह की गोली मार कर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने मृतक जागीर सिंह की पत्नी कश्मीर कौर की ओर से प्रधान सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने देर रात दबिश देकर मुख्य हत्यारोपी प्रधान गुरप्रीत सिंह गोपी को गिरफ्तार कर लिया। बृहस्पतिवार को पुलिस ने गोपी का चालान कर जेल भेज दिया। वहीं नामजद अन्य हत्यारोपी अभी भी फरार हैं। घटना के बाद दूसरे दिन पूरे गांव में सन्नाटा पसारा रहा। उधर, पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव घरवालों को सौंप दिया, जिसका शाम को अंतिम संस्कार कर दिया गया।

हत्यारोपी भी हुआ घायल
जागीर सिंह की हत्या के आरोप में गिरफ्तार प्रधान गुरप्रीत सिंह गोपी भी घायल अवस्था में मिला है। उसने पुलिस को बताया कि जागीर सिंह ने उसके साथ मारपीट की थी। जानलेवा हमले में जब जागीर सिंह भारी पड़ने लगा तब उसने बचाव में गोली चला दी। पुलिस ने उसका मेडिकल कराकर जेल भेज दिया है।
विज्ञापन


मात्र 32 डिस्मिल जमीन के लिए ले ली हत्या
भैरोकलां के मौजा रायपुर गुलड़िया निवासी जागीर सिंह की 32 डिस्मिल जमीन आबादी में आती है। इस जमीन पर ही वह मकान बनाकर परिवार के साथ रहता था, जबकि जागीर सिंह की जमीन के तीन ओर प्रधान की मां सुरेंद्र कौर के नाम से जमीन है। प्रधान, जागीर सिंह की जमीन भी अपने में शामिल कराना चाहता था और इसी को लेकर दोनों में कई बार विवाद हो चुका था।

नौ फरवरी को भी हुआ था झगड़ा
घटना से आठ दिन पूर्व भी नौ फरवरी को झगड़ा हुआ था। इसमें जागीर सिंह ने प्रधान गुरप्रीत सिंह पर साथियों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी थी, वहीं प्रधान गुरप्रीत सिंह की मां सुरेंद्र कौर की ओर से भी जागीर सिंह और उसकी पत्नी कश्मीर कौर के खिलाफ मारपीट करने तहरीर दी गई थी। इस तहरीर पर पुलिस ने पंचायत की थी, लेकिन इसमें हुए फैसले को अमल कराने का प्रयास नहीं किया और बुधवार को जागीर की हत्या के रूप में इसका दुष्परिणाम सामने आ गया।

ये जमीन अब न तुम्हें मिलेगी और न हमें
माधोटांडा। मृतक जागीर सिंह की पत्नी कश्मीर कौर ने बताया कि बुधवार शाम प्रधान अपने कुछ साथियों के साथ रायफल और रिवाल्वर लेकर घर में घुस आया। आवाज देने पर वह भी बाहर निकलीं, लेकिन प्रधान ने उन्हें एक ओर धकेले हुए जागीर सिंह को ललकाराते हुए कहा कि यह जमीन अब न तुम्हें मिलेगी और न हमें। इतना कहते ही प्रधान ने रिवाल्वर से ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वह भाग कर तड़प रहे जागीर सिंह के पास पहुंचीं और पुलिस को सूचना देने के लिए फोन करने का प्रयास किया, लेकिन प्रधान फोन छीनकर उन्हें धमकी देते हुए चला गया।


हत्यारोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। साथ ही हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवाल्वर भी बरामद कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
विज्ञापन

- विवेक त्रिवेदी, थानाध्यक्ष, माधोटांडा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें