फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिनदहाड़े दंपति की पिटाई कर जेवर लूटे

Wed, 29 Apr 2015 11:57 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला पीलीभीत
विज्ञापन
विज्ञापन
कोतवाली क्षेत्र के गांव रंपुरा नौगवां निवासी रामनरायन लाल ने बताया कि वह बुधवार की सुबह करीब नौ बजे गांव अमृताखास से अपने गांव आ रहे थे। बाइक पर उनकी पत्नी कलावती और आठ वर्षीय पुत्र राजकमल भी सवार था। गांव नवदिया सितारगंज से पहले पुलिया के पास तीन बदमाश पहले से ही घात लगाए खड़े थे। पास में एक बाइक खड़ी थी। तीनों बदमाश मुंह पर ढाटा बांधे हुए थे। जब वह पुलिया के पास पहुंचे तो बदमाशों ने तमंचा तानकर उनकी बाइक रोक ली। बदमाशों ने उनसे पांच हजार की नगदी, एक मोबाइल, कलावती का मंगलसूत्र व सोने के कुंडल खींच लिए, जिससे उसका कान फट गया। दंपति ने जब विरोध किया तो बदमाशों ने उनकी तमंचे की बट से पिटाई की। करीब 20 मिनट तक लूटपाट करने के बाद बदमाश बरेली की ओर भाग निकले। बदमाशों के जाने पर दंपति ने शोर मचाया। जिस पर आसपास के लोग जमा हो गए। ग्रामीण जब तक कुछ समझ पाते बदमाश काफी दूर निकल गए थे। पीड़ित रामनरायन लाल ने बताया कि बदमाश काले रंग की डिस्कवर बाइक से थे। दिनदहाड़े हुई लूट की घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई। मामला संज्ञान में आने पर एसपी जेके शाही ने थाना प्रभारी से इस घटना के बाबत जानकारी ली और रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों को पकड़ने के निर्देश दिए। उधर थाना प्रभारी केपी सिंह का कहना है कि उन्हें घटना की कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। जबकि पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देने का दावा किया है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें