गांव ग्रंट नंबर दो निवासी पोल्ट्री फार्म स्वामी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार को वह जराकोठी स्थित पंजाब एण्ड सिंध बैंक से 1,87,500 रुपये निकाल कर बाइक से पीलीभीत उधार लिया गया पैसा देने जा रहे थे। शाम करीब 3.30 बजे गजरौला बिजली उपकेंद्र के निकट लाल रंग की अल्टो कार ने उसे ओवरटेक किया। चालक ने कार की गति काफी धीमी कर उससे पूछा की गजरौला कितनी दूर है। वह कुछ कह पाता कि इससे पहले तीन बदमाश कार से नीचे उतरे और बाइक लॉक कर चाभी निकाल ली। एक बदमाश ने उस पर तमंचा लगा दिया और उसे माला जंगल के अंदर ले गए। जहां पिटाई कर तमंचे के बल पर 1.87 लाख रुपये लूट लिए और बाइक की चाभी लेकर कार से पीलीभीत की ओर भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद उसने राहगीरों की मदद से घटना की सूचना नगर नियंत्रण के 100 नंबर पर दी। सूचना के बाद पुलिस ने नाकेबंदी कर तलाश की, लेकिन बदमाशों व कार का कोई पता नहीं लग सका। एसपी सोनिया सिंह ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस की टीमें सुराग के लिए लगाई गई हैं।