दहेज की खातिर ससुराल वालों ने बौनी गांव की 22 वर्षीय मायादेवी को मार डाला। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने मृतका के पति समेत तीन के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मृतका के आरोपी ससुर को हिरासत में ले लिया है। कोतवाली क्षेत्र के बरसिया गांव निवासी कल्यान गिरि ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी माया देवी की शादी चार साल पहले बौनी गांव निवासी अरविंद गिरि से की थी। शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराल वाले दहेज की मांग करने लगे। इसके लिए माया देवी प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि पिछले कई दिनों से 50 हजार रुपये और रंगीन टीवी की मांग की जा रही थी। वह मांग पूरी नहीं कर पाए तो ससुराल वालों ने शनिवार को माया देवी की गला दबाकर हत्या कर दी। पड़ोसियों से सूचना मिलने पर शाम को मायके वाले बौनी गांव पहुंचे तो माया देवी का शव पर घर में पड़ा मिला। पिता ने मृतका के पति समेत तीन के खिलाफ तहरीर दे दी। कोतवाल एसके सिंह ने बताया कि मृतका के पति अरविंद गिरि, ससुर बाबू गिरि व सास के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी ससुर पुलिस की हिरासत में है। विवाहिता के शव का रविवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।