ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत के मामले में बिलसंडा पुलिस ने पिता की तहरीर पर पति समेत तीन के पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है। बिलसंडा क्षेत्र के रामपुर वसंत गांव में मंगलवार शाम अरविंद की पत्नी प्रीति की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई थी। दूसरे दिन ग्रामीणों की सूचना पर शाहजहांपुर के जलालाबाद क्षेत्र के ग्राम मनोरथपुर सेसोबरी से पिता कृष्णपाल सिंह बेटी की ससुराल पहुंचे थे। उनका आरोप है कि 50 हजार रुपये व बाइक की मांग पूरी न होने पर प्रीति की जहर देकर हत्या की गई है। इस पर पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्रीति के पति अरविंद और दो देवरों के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने और गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। बृहस्पतिवार को पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा। हालांकि ससुराल पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप गलत बताया। उनका कहना था कि मंगलवार को घरेलू कलह को लेकर ससुराल में प्रीति का मामूली विवाद हो गया था। इससे आहत होकर प्रीति ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली थी। एसओ बिलसंडा विवेक त्रिवेदी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। प्रीति के पिता की तहरीर पर पति अरविंद समेत तीन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रकरण की जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आसपास के ग्रामीणों से भी संपर्क कर जानकारी की जा रही है।