घर पर अकेली युवती को गांव के तीन युवकों ने बुरी नियत से दबोच लिया। उसके साथ अश्लील हरकत करते हुए दुराचार का प्रयास किया। युवती के विरोध करने पर जब आरोपी रेप में सफल नहीं हुए तो साथ लाए जहरीला पदार्थ पिला दिया और भाग गए। परिवारीजनों ने युवती को बेहोश हालत में आंगन में पड़ा देख जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसकी सूचना मिलने पर देर रात पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचकर युवती के बयान दर्ज किए। पिता से मिली तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सुनगढ़ी क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह खेती कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। शनिवार दोपहर वह काम से बाहर गए थे। घर पर उनकी 18 वर्षीय पुत्री अकेली थी और जानवरों को चारा डाल रही थी। शाम करीब चार बजे गांव के ही अजय कुमार, पप्पू और शिवकुमार मकान में घुस आए और युवती को दबोच अश्लील हरकतें करने लगे। इसके बाद कमरे में खींचकर दुष्कर्म करने की कोशिश की। युवती के विरोध करने पर आरोपी शिवकुमार और पप्पू ने युवती के हाथ पकड़ लिए और तीसरे आरोपी अजय ने शीशी में साथ लाया गया जहरीला पदार्थ पिला दिया। जिससे युवती मौके पर ही बेहोश हो गई। कुछ देर बाद घर पहुंचे युवती के भाई ने उसको बेहोश पड़ा देखा तो आननफानन में उसको जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। जहां होश आने पर युवती ने अपने साथ हुई वारदात की जानकारी दी। देर रात पुलिस को तहरीर देकर पिता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मामला दुष्कर्म के प्रयास के बाद जहर पिलाने का होने पर पुलिस महकमे में खलबली मच गई। एसएचओ गोपीचंद यादव, कस्बा इंचार्ज कनकलता भार्गव, आसाम चौकी प्रभारी मनीराम सिंह जिला अस्पताल पहुंचे और युवती से बातचीत कर जानकारी जुटाई। पिता की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी अजय और पप्पू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तीसरे की धरपकड़ को दबिश दी जा रही है।