फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सौ लोगों पर बलवे की रिपोर्ट, चार धरे

Sat, 06 Feb 2016 11:09 PM IST
पीलीभीत
विज्ञापन
विज्ञापन
शहर में हुए बवाल के मामले में पुलिस ने जहां देर रात पीड़ित लड़की की ओर से मोहल्ला सरफराज खां निवासी शमशाद के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट व एससीएसटी एक्ट और आरोपी शमशाद की ओर से दूसरे पक्ष के नौ लोगों को नामजद करते हुए 100 लोगों के खिलाफ बलवा, तोडफ़ोड़ सहित कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने छेड़छाड़ के आरोपी और दूसरे पक्ष के तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन

लड़की की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा गया है कि वह रिक्शे से अपने घर जा रही थी। लकड़ी मंडी के पास मोहल्ला सरफराज खां निवासी शमसाद ने उसका अपहरण करने की कोशिश की। शोर मचाया तो बागगुलशेर खां के कई लोग मौके पर आ गए और उसे बचा लिया। आरोपी ने जाति सूचक गालियां दीं। उधर, दूसरे पक्ष का कहना है कि मोहल्ला बागगुलशेर खां निवासी राजा, लखन और नरेश ने उसे और उसके पिता शाहिद खां की पिटाई कर दी। वह लोग घर चले गए। इसी बीच मोहल्ला बागगुलशेर खां निवासी शेरा, राजा, नरेश, सरवन, लखन, दिनेश, कल्लू उर्फ देव, वीआईपी काला और अटल वाल्मीकि आ गए और सड़क पर खड़ी पांच गाड़ियों को तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। धार्मिक स्थल पर भी पथराव किया। शहर कोतवाली पुलिस ने लड़की की ओर से शमशाद के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने दूसरे पक्ष की ओर से बवला, तोड़फोड़ सहित कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी जसवंत, राजीव व राजा को दबोच लिया। सीओ सिटी यशवीर सिंह ने बताया कि चारों आरोपियों का चालान कर दिया गया है।
विज्ञापन



राज्यमंत्री ने दोनों पक्षों
को मिलवाया गले  
दो समुदायों के बीच हुए बवाल के बाद स्वतंत्र प्रभार मंत्री हाजी रियाज अहमद ने शहर के हालात को सामान्य करने के लिए एक बार फिर बड़ी पहल की है। राज्यमंत्री ने दोनों पक्षों के लोगों लोगों को अपने कैंप कार्यालय पर बुलवा कर उनसे वार्ता की। इस दौरान दोनों पक्ष के लोगों ने शुक्रवार रात घटी घटना की निंदा करते हुए आपस में मिलजुल कर रहने की बात कही। दोनों पक्ष गले-शिकवे दूर करने के बाद समझौते पर राजी हो गए। इस पर राज्यमंत्री ने दोनों को गले मिलवा दिया। बताते हैं कि इस दौरान दोनों पक्षों ने लिखित समझौता भी कर लिया है।


बवाल के आरोपी हुए भूमिगत
बवाल के बाद मोहल्ला सरफराज खां और बागगुलशेर खां में भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस की गलियों में आवाजाही और प्रमुख चौराहों पर बड़ी संख्या में तैनाती होने से लोग दहशत में हैं। उधर, बवाल करने के आरोपी पकड़े जाने के भय से भूमिगत हो गए हैं। लोग प्रभावित मोहल्ले में रहने वाले अपने रिश्तेदारों और मित्रों का हाल मोबाइल से जानते रहे।

होली पर टकराव की आशंका
पिछले वर्ष होली के दौरान दोनों समुदायों के बीच जाटौवाला चौराहा पर बवाल हो गया था। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट और पथराव हुआ था। होली से करीब एक महीने पहले आमने-सामने मोहल्लों में रह रहे एक-दूसरे समुदाय के बीच एक बार फिर जख्म ताजा हो गए हैं। इससे होली के त्योहार पर बड़े बवाल की आशंका बढ़ गई है।

शहर में माहौल पूरी तरह से शांत है। कोई तनाव की स्थिति भी नहीं है। दोनों पक्षों की ओर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चार लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अन्य आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
- अनिल कुमार सिंह, एसपी

दूसरे दिन भी छावनी में तब्दील रहा शहर
लड़की छेड़ने को लेकर हुए बवाल के बाद शहर छावनी में तब्दील कर दिया गया। बरेली, शाहजहांपुर की पुलिस के साथ जिले के कई थानों की पुलिस शहर के प्रमुख स्थानों पर तैनात रही। शनिवार की सायं बाहरी दोनों जिलों की फोर्स लौट गई। जाटौवाला चौराहा और उसके आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा। दूसरे दिन शहर की स्थिति तनावपूर्ण रही। पुलिस हालात फिर न बिगड़े इसको लेकर मिश्रित आबादी वाले इलाकों पर खास निगहबानी कर रही है।
शुक्रवार की देर सायं लड़की छेड़ने को लेकर दो समुदायों के लोग आमने-सामने हो गए थे। कई वाहन क्षतिग्रस्त कर देने और दो धार्मिक स्थलों पर पथराव आदि के चलते शहर में तनाव का माहौल फैल गया था। हालांकि अधिकारियों ने रात में ही मौके पर पहुंच हालात को काबू कर लिया था, लेकिन दूसरे दिन भी शहर में तनाव का माहौल रहा। हर ओर घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। बवाल की सूचना पर कई थानों की फोर्स और पीएसी ने मौके पर पहुंचकर हल्का बल प्रयोग कर बवालियों को शुक्रवार की रात में ही खदेड़ दिया था। डीएम मासूम अली सरवर और एसपी अनिल कुमार ने भी लोगों को समझा बुझा कर शांत कराना पड़ा था। डीआईजी भी रात ही शहर पहुंच गए थे। तब जाकर स्थिति नियंत्रित हो सकी थी। दोनों पक्षों के बीच दोबारा टकराव न हो जाए, इससे आशंकित प्रशासन ने शाहजहांपुर, बरेली से आई पुलिस को दूसरे दिन भी मोहल्ले सहित कई स्थानों पर तैनात किया। पुलिस ने मिश्रित आबादी वाले लेखराज चौराहा, नखासा, बेलो वाला चौराहा और जामा मस्जिद पर खास नजर रखी। सीओ सिटी और एसपी ने भी शहर का भ्रमण कर हालातों का जायजा लिया। हालात नियंत्रण में होने पर शाम को बरेली और शाहजहांपुर की फोर्स को वापस लौटा दिया गया।

डीआईजी देर रात तक डाले रहे डेरा
बवाल की सूचना पर पहुंचे डीआईजी आशुतोश कुमार भी देर रात आ गए। वह पूरी रात शहर कोतवाली में डेरा डाले रहे। डीआईजी ने कोतवाली में अधिकारियों के साथ बैठक कर हालातों की जानकारी ली और आरोपियों को पकड़ने की रणनीति बनाई। हालात पूरी तरक से काबू में होने पर वह सुबह वह बरेली वापस लौट गए।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें