सड़क पार कर रही बच्ची के बाइक से टकराने के बाद रविवार रात करीब नौ बजे विवाद हो गया। मारपीट के बाद मामूली हादसे को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की गई। यूपी 100 पर मिली सूचना के बाद सीओ सिटी दो थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया। घायल बच्ची का मेडिकल कराकर उसकी मां से मिली तहरीर पर बाइक सवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। चश्मदीद काफी मारपीट होने की बात कह रहे है, जबकि पुलिस मारपीट होने से इंकार कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पकड़िया की निवासी नाजमा की आठ वर्षीय पुत्री फरहा रविवार रात सामान लेने के लिए मोहल्ले में ही एक किराने की दुकान पर जा रही थी। इस बीच पास के ही मोहल्ला सरफराज खां निवासी महेंद्र का पुत्र बाइक से आ रहा था। जिसकी बाइक से बच्ची को टक्कर लग गई। इसके बाद चश्मदीदों के मुताबिक एकत्र लोगों ने बाइक सवार को पकड़कर पिटाई कर दी। चीख पुकार सुनकर उसकी तरफ के लोग भी आ गए। मामूली हादसे को सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास किया गया। इसकी सूचना मिलने पर यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंच गई। कुछ ही देर में सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल, एसएचओ मुहम्मद कासिम और कोतवाली पुलिस भी आ गई। मौके पर मौजूद लोगों से मामले की जानकारी की गई। इसके बाद बच्ची का रात में ही जिला अस्पताल भेजकर मेडिकल परीक्षण कराया गया। पहले परिवार वालों ने कार्रवाई से इंकार कर दिया, लेकिन बाद में बच्ची की मां ने पुलिस को तहरीर दी। इसके बाद रात में कई घंटे पुलिस की तैनाती जाटो चौराहा पर रही। सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल ने बताया कि मौके पर पहुंचने पर किसी ने भी मारपीट की बात पुलिस को नहीं बताई है। किशोरी की मां से मिली तहरीर के आधार पर लापरवाही से बाइक चलाकर बच्ची को घायल करने की रिपोर्ट बाइक सवार के खिलाफ दर्ज की गई है।