बरखेड़ा चीनी मिल परिसर में किसान तिलकराम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में मंगलवार तीसरे दिन परिवार वालों की तहरीर मिलने पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। भाई की ओर से लिखाई गई रिपोर्ट में ग्राम प्रधान समेत तीन लोगों को नामजद किया गया है। इसमें घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई गई है। तीन दिन पहले बरखेड़ा थाना क्षेत्र के पृथ्वीपुर गांव निवासी 40 वर्षीय किसान तिलकराम की बरखेड़ा चीनी मिल में घायल होने के बाद जिला अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गई थी। उसके परिवार वाले डेढ़ साल पुराने नाली विवाद को लेकर ग्राम प्रधान अशोक गंगवार पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। जबकि पुलिस ट्राली के नीचे सोते समय अचानक ट्राली आगे बढ़ने पर चोटिल होने से मौत होना बता रही थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह सिर में गंभीर चोट आना बताई गई। तीन दिन बाद मंगलवार को तिलकराम के भाई छेदालाल ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या बताते हुए नामजद तहरीर पुलिस को दी। आरोप है कि किसान को मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या की गई। इसके बाद उसे ट्राली के नीचे कुचलकर हादसे का रुप दिया गया है। इंस्पेक्टर योगेंद्र पाल शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्रधान अशोक गंगवार व गांव के अयोध्या प्रसाद, राजाराम उर्फ राजू के खिलाफ हत्या का मुकदम दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांचकर तथ्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।